



हैलो बीकानेर न्यूज़ नेटवर्क, www.hellobikaner.com, बीकानेर। श्रीकोलायत क्षेत्र के गोविंदसर गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक सांसी परिवार का आशियाना आग की लपटों से जलकर राख हो गया। घटना दोपहर लगभग 1 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भंवरराम सांसी पुत्र धूडा राम सांसी के झोंपड़े में अचानक आग लग गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य खेती के कार्य से खेतों में गए हुए थे। पीछे घर में आग लगने से झोंपड़ा पूरी तरह जल गया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा सामान, अनाज, गहने और नगदी जलकर खाक हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही यूथ आइकॉन खेतपाल और सरपंच प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
यूथ आइकॉन खेतपाल ने प्रशासन से आग्रह किया कि “भंवरराम सांसी एक गरीब मजदूर परिवार से हैं, जिनका सब कुछ इस आग में नष्ट हो गया। प्रशासन से अनुरोध है कि उन्हें तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे पुनः अपने जीवन को संभाल सकें।” वही दूसरी ऒर फिर उपखण्ड मुख्यालय पर दमकल की मांग उठने लगी है।

Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ