जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर लापरवाही एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था बर्बाद हो जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि लगातार धमकियां आ रही हैं और अब तो विधानसभा को धमकी दे दी गई हैं।
श्री गहलोत ने रविवार को विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी एवं प्रदेश की गिरती कानून-व्यवस्था पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उच्च न्यायालय जो धमकियां मिली, अगर उसमें कोई ठोस कार्रवाई होती और दोषियों को पकड़ लिया जाता तो विधानसभा को धमकी देने की नौबत ही क्यों आती। यह सरकार की घोर लापरवाही है। पता नहीं सरकार किस प्रकार से शासन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था तो पूरी बर्बाद हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि डकैती की घटनाएं हो रही हैं, हत्याएं हो रही हैं। जैसलमेर में एक महिला का मुंह बांधकर उसे पटक दिया गया और घर से सब कुछ लूट लिया गया। जयपुर में भी छेड़खानी की घटनाएं किस तरह बढ़ रही हैं। एक गर्भवती महिला के साथ छेड़खानी की गई और लगता है कि दोषियों को पकड़ने की कोई गंभीरता नहीं है।
श्री गहलोत ने कहा " हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों की हिम्मत विधानसभा को उड़ाने की धमकी देने तक पहुंच गई है। यह सरकार के इकबाल का सवाल है। क्या राजस्थान में सरकार का इकबाल बचा है। मुख्यमंत्री अनावश्यक बयान देते रहते हैं और हम लोगों पर टिप्पणी करते हैं। उन्हें जो कहना है, कहें। हम उनका सम्मान करेंगे, क्योंकि वे राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं यह हमारा कर्तव्य है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जो लापरवाही चल रही है, उस पर हम चुप रहें।" उन्होंने कहा "हमें बोलना पड़ेगा और बोलना चाहिए। जनता हमसे अपेक्षा करती है कि हम अपनी राय रखें, सरकार की गलतियां बताएं। इसलिए हम बोल रहे हैं।"
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ