HelloBikaner
BREAKING NEWS
• बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई , चोरी और गुमशुदा हुए लाखों के मोबाइल फोन किए बरामद • अनियमितताएं पाए जाने सात मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित • नियमों के उल्लंघन पर विभिन्न ब्रांडों के तम्बाकू उत्पादों पर कार्रवाई • वंदे गंगा अभियान का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन • बीकानेर के कोटगेट क्षेत्र यातायात समस्या, कांग्रेस ने मटके फोड़े, ओम आचार्य को किया याद, डिस्पेंसरी से पीबीएम तक मरीजों में आक्रोश • बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई , चोरी और गुमशुदा हुए लाखों के मोबाइल फोन किए बरामद • अनियमितताएं पाए जाने सात मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित • नियमों के उल्लंघन पर विभिन्न ब्रांडों के तम्बाकू उत्पादों पर कार्रवाई • वंदे गंगा अभियान का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन • बीकानेर के कोटगेट क्षेत्र यातायात समस्या, कांग्रेस ने मटके फोड़े, ओम आचार्य को किया याद, डिस्पेंसरी से पीबीएम तक मरीजों में आक्रोश

इस सप्ताह की सुर्खियां: नशे के कारोबारियों पर शिकंजा, सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वीकारी राजस्थानी

हरीश बी शर्मा

3 weeks ago
नशे के कारोबारियों पर शिकंजा,  सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वीकारी राजस्थानी

इस सप्ताह की सुर्खियां

 

हैलो बीकानेर। इंदिरा गांधी नहर में पानी छोड़ दिया गया है। बीकानेर तक पहुंचने में अभी देर लगेगी। घरों तक ट्रीटेड पानी पहुंचने के लिए 18 मई तक इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद ही पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा। लगभग चार दिन अभी इसी तरह के हालात रहने हैं, जिसमें लोगों को महंगे दामों के टैंकर खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ेगी। राहत की बात यह है कि नौतपा शुरू होने से पहले बीकानेर में पेयजल की किल्लत दूर हो जाएगी। इस बार नौतपा 25 मई से है, लेकिन इससे पहले लू के थपेड़ों ने हाल-बेहाल कर रखा है।


इस बीच पानी का अवैध कारोबार करने वाले प्रदीप गोदारा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसने जो पाइप लाइनें बिछा रखी थी, उसे उखाड़ दिया गया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि पानी जैसे प्राकृतिक स्रोत, जिस पर सरकार का नियंत्रण होना चाहिए था, निजी स्तर पर बेचे जाने का क्या राज है।

बहरहाल, पुलिस ने पानी की पाइप लाइनें उखड़वाई तो एक घर पर भी बुलडोजर चलवा दिया है। यह घर हिस्ट्रीशीटर मेंहदी हसन का था। पुलिस की नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत यह बुलडोजर चला। बीकानेर को नये मिले एसपी मृदुल कच्छावा ने 'ऑपरेशन नीलकंठ' चलाकर नशे की बड़ी खेप ही नहीं इस धंधे में लिप्त लोगों को भी धरदबोचा है। 70 करोड़ की हेरोइन बरामदगी के मामले में पकड़े गए खेताराम से मिले इनपुट्स से बड़े रैकेट के खुलासे की संभावना है। नशे के साथ-साथ अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के भी सुराग मिले हैंं।

इस बीच स्पा और कैफे में चल रहे जिस्म फरोशी के धंधे के भी बड़े खुलासे हुए हैं। शहर में चलने वाले इन कैफे में युवक-युवतियों का आपत्तिजनक हालत में पकड़ा जाना, उन युवक-युवतियों के लिए चौंकाने वाला हो सकता है, जो वहां सिर्फ कॉफी पीने जा रहे होंगे। अलबत्ता, इन कैफे के नाम अखबारों में छप जाने से अब अच्छे घरों के बच्चे इधर नहीं जाएं, लेकिन 'जरूरतमंदों' को जगह मिल गई है।

पुलिस की इस मुस्तैदी के बीच इंटरनेट से आने वाली धमकियां परेशान किए है। डाकघर और कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकियां तीसरी बार मिल गई है, लेकिन न तो बम मिल रहा है और न ही मेल भेजने वाले का आइपी एड्रेस ट्रेस हो रहा है। मतलब साफ है, अपराधियों के हौसले और हुनर सरकारी मुलाजिमों से इक्कीस हैं।

सरकारी अभियान के रूप में जन-गणना शुरू हो गई है। इसमें स्व-गणना का प्रावधान है, लेकिन अभी तक यह अभियान सुस्त ही चल रहा है। राजस्थान सरकार के आयोग, निगम और अकादमियों में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सरगर्मियां तेज है जबकि विधायकों को लग रहा है कि उनका नंबर भी आएगा। सामाजिक न्याय मंच के कभी प्रत्याशी रहे आज के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोलायत विधायक अंशुमानसिंह को मंत्री बना देंगे, ऐसा कहा जा रहा है, लेकिन यही आधार जेठानंद व्यास के लिए संघ की पृष्ठभूमि से होना है। देखना यह है कि सुमित गोदारा पर केंंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के वरद-हस्त होते हुए दूसरा कोई मंत्री बीकानेर से कैसे बन जाता है।

बहरहाल, अर्जुनराम मेघवाल की सक्रियता उल्लेखनीय है। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ 'दिशा' की बैठक को उन्होंने कायदे से लीड किया। बंगाल की जीत पर भी भाजपा के नेताओं के साथ उत्सव मनाया। चर्चा यह भी है कि अब वे राजेंद्र राठौड़ को राज्यसभा में पहुंचाने के कार्य में लगे हुए हैं। राठौड़ के बंगाल में प्रदर्शन की खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तारीफ कर चुके हैं। इस बीच पाटे पर कलकत्ता से खबर है कि रातोंरात बंगाल का 'भगवाकरण' हो गया है।

टीएमसी को नए सिरे से अपनी ताकत बटोरनी पड़ेगी। बीकानेर में कोटगेट और सांखला फाटक पर बन रहे अंडर-पास और अंडर-ब्रिज पर कानूनी सवाल खड़े होने से इसके भविष्य पर फिर से चर्चाएं होने लगी है। इस बीच कांग्रेस से जुड़े कुछ नेता-कार्यकर्ताओं ने शहर की रायशुमारी करने का एक अभियान छेड़ा है, जिससे यह जताया जा सके कि शहर के लोगों को अब समस्या का समाधान चाहिए। ऊपरी तौर पर यह अभियान शहर कांग्रेस के कुछ नेताओं का लग रहा है।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग अपने बयानों की वजह से चर्चा में हैं। नीट का पेपर लीक होने की खबरों से युवा परेशान है। इससे पहले कृषि व्याख्याता परीक्षा के पेपर लीक होने की खबरें भी आ रही है। एसआई भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कांड तो कई युवाओं को सपनों को खा चुका है। साहित्य अकादेमी के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी राजस्थानी भाषा की अहमियत मान ली है। इसका अर्थ है साहित्य और शिक्षा में राजस्थानी स्वीकार है, लेकिन अभी संवैधानिक मान्यता की दरकार है।
मेराज फैजाबादी का शेर है—
जिंदा रहना है तो हालात से डरना कैसा
जंग लाजिम हो तो लश्कर नहीं देखे जाते

Join for Latest News

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ

Share: