बीकानेर
बीकानेर। शहर में बिजली कंपनी के द्वारा मीटर बदलने को लेकर बवाल का क्रम जारी है। शनिवार को फिर शहर के सुभाषपुरा इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। यहां बिजली मीटर बदलने पहुंची बीकेईएसएल की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कंपनी कर्मचारियों और मोहल्लेवासियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल गर्मा गया।
बताया जा रहा है कि बीकेईएसएल की टीम पुराने मीटर बदलने के लिए क्षेत्र में पहुंची थी,लेकिन भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को लेकर लोगों ने इस पर रोष जताया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कंपनी बिना पूर्व सूचना के मीटर बदल रही है,जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी हो रही है।
विरोध बढऩे पर कंपनी कर्मचारियों और भाजपा नेता श्याम सिंह हाडलां के बीच कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची,जहां लोगों ने पुलिस के सामने भी अपनी नाराजगी जताई और बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर बहस की।भाजपा नेता श्याम सिंह हाडला ने भी बिजली कंपनी पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की कार्रवाई से आमजन को दिक्कत हो रही है और पहले उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। हालांकि क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
वर्जन
बीकेईएसएल की टीम जनहित में सुभाषपुरा क्षेत्र में विद्युत नेटवर्क को दुरुस्त करने के लिए गई थी जिससे उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलती रहे। लेकिन स्थानीय नेता श्याम सिंह हाड़ला ने स्थानीय लोगों को भड़काने का प्रयास किया, जिससे कंपनी वहाँ ढीले तारों को बदलने, कटी सर्विस केबल की जगह नई केबल लगाने और टेम्पर्ट मीटर बदलने का काम शुरू नहीं कर पाई और वापस आ गई। कंपनी चाहती है इस साल गर्मियों अच्छी गुणवत्ता की बिजली मिले। पुलिस स्थानीय लोगों को समझाएगी, इसके बाद वहाँ जनहित में नेटवर्क सुधारने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवक्ता
बीकेईएसएल
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ