तीन लाख रुपये की रिश्वत मामले में सीबीआई ने नेशनल इंश्योरेंस के अधिकारियों को किया गिरफ्तार
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को रिश्वतखोरी के मामले में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के मैनेजर हनुमान मीणा और दिल्ली स्थित नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के इन्वेस्टिगेटर संतोष कुमार जैन के रूप में हुई है।
सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने शिकायत के आधार पर दिल्ली के नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के आरोपी इन्वेस्टिगेटर के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज किया। आरोपियों ने हरियाणा के मानेसर में एक निजी अस्पताल के लिए 'कैशलेस मेडिकल सुविधा' दोबारा शुरू करने के बदले शिकायतकर्ता से 3,00,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के दिल्ली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने आरोपी को इस मामले की जांच के लिए नियुक्त किया था।
शिकायतकर्ता कुल 3,00,000 रुपये की मांग में से 1,00,000 रुपये की पहली किस्त पहले ही दे चुका था। आपसी बातचीत के बाद आरोपी 2,60,000 रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसमें से 1,00,000 रुपये मिल चुके थे और आरोपियों ने शिकायतकर्ता को बाकी के 1,60,000 रुपये मंगलवार को देने का निर्देश दिया था। सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपियों को 1,60,000 रुपये की रिश्वत मांगते रंगे हाथों पकड़ लिया। आगे की कार्रवाई के दौरान नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के मैनेजर की भूमिका भी सामने आयी। सीबीआई ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ