नीट-यूजी की परीक्षा रद्द होना दर्शाता है इसमें बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई : गहलोत
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा- यूजी (नीट-यूजी) का रद्द होना यह दर्शाता है कि इस पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। गहलोत ने मंगलवार को नीट-यूजी परीक्षा के रद्द होने पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने जानबूझकर दो सप्ताह तक इसे छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा रद्द कर और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को जांच सौंपकर युवाओं के हित में एक साहसिक निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने पहले कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए ओएमआर शीट घोटाले को छिपाया ताकि सरकार की बदनामी न हो। कमजोर पैरवी के कारण उस मामले के आरोपियों को जमानत भी मिल गई। इसी प्रकार, अब नीट-यूजी परीक्षा लीक की जानकारी को भी छिपाने का प्रयास किया गया और प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई। अब सच्चाई सामने आ गई है और भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ