नेशनल पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप: बीकानेर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
उड़ीसा कलिंगा स्टेडियम
नेशनल पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप
हैलो बीकानेर न्यूज़, www.hellobikaner.com, बीकानेर। बीकानेर की एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था, पैरा स्पोर्ट्स की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया के मार्गदर्शन में उड़ीसा में आयोजित नेशनल पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में संस्था के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। संस्था की खिलाड़ी खुशबू गिल ने शॉट पुट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विशेष बात यह है कि मानसिक रूप से दिव्यांग (मंदबुद्धि) होने के बावजूद खुशबू ने अपने निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

वहीं दूसरी ओर, गुड्डी कुमारी, जो ब्लाइंड कैटेगरी में खेलती हैं, ने 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीतकर बीकानेर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है। गुड्डी ने अपने पैरों की सटीक समझ और रोजाना कड़ी मेहनत के बल पर यह सफलता प्राप्त की। संस्था द्वारा दिव्यांग खिलाड़ियों को लगातार प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और जागरूकता प्रदान की जाती है, जिससे वे खेलों के माध्यम से आगे बढ़कर समाज में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। इन उपलब्धियों से यह भी स्पष्ट होता है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन खिलाड़ी भी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

संस्था अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने बताया कि खिलाड़ियों को मेडल के आधार पर सरकार द्वारा सहयोग राशि दी जाती है और वे सरकारी नौकरियों के भी पात्र बनते हैं, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित होता है। इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पूरे बीकानेर में खुशी की लहर है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ