इस सप्ताह की सुर्खियां: ज्योतिषीयों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, बढ़ी गर्मी और महंगाई, नकली नोट प्रचलन में
हरीश बी शर्मा
इस सप्ताह की सुर्खियां
हैलो बीकानेर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा सांचू बोर्डर के जवानों में जोश भरने के लिए भले ही रहा हो, लेकिन बीकानेर भाजपा के मंडल अध्यक्षों की आशाओं पर पानी फिर गया, क्योंकि उन्हें कोई तवज्जो नहीं मिली। भाजपा के मंडल अध्यक्षों को लगा होगा कि कम-से-कम उन्हें तो अमित शाह से मिलने बल्कि सीधे-सीधे कहें तो फोटो खिंचवाने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी सोशल मीडिया डीपी प्रभावशाली हो जाएगी।
मगर यह हो न सका और आखिरकार यह दर्द बाहर निकल ही आया। डरते-सहमते किसी ने यह खबर लीक करवा दी। अब भाजपा के नेता लोग कह रहे हैं कार्रवाई होगी, क्योंकि यह कार्यक्रम संगठन के स्तर का था ही नहीं। अमित शाह बतौर गृहमंत्री आए थे। बूथ मजबूत करने के कार्यक्रम के लिए तो आए नहीं थे, जो मंडल अध्यक्षों तक से मिलते। यह सुनने के बाद खबर फैलाने वालों से मंडल अध्यक्ष हाथाजोड़ी कर रहे हैं कि हमारा नाम मत ले लेना। देखें आगे क्या होता है।
बहरहाल किसी भी केंद्रीय गृहमंत्री के पहली बार सांचू बोर्डर पहुंचने से पूर्व शहर के विकास को पंख लग गए। दो दिन में ही सड़कें और रोडलाइट्स चाक-चौबंद हो गई। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को होने दिया। गिरफ्तार हुआ तो एनएसयूआई का अध्यक्ष कृष्ण गोदारा, जिसे इस आशंका में गिरफ्तार किया गया कि कदास कोई उपद्रव नहीं हो जाए। अचंभे की बात यह रही कि इस तरह का अवसर देहात और शहर कांग्रेस का कोई बयान ही नहीं आया। सांप सूंघ गया हो जैसे। जैसे अमित शाह से डरे और सहमे रहे।
नौतपा के इस भीषण दौर में सारा शहर तपता रहा। अभी सात दिन बाकी है, लेकिन जिन लोगों को अपने काम से निकलना है, वे तो निकलेंगे ही। उन्हें कहां विश्राम। मौसम से शिकायत तो उन्हें है, जिन्हें बहाने चाहिये। लिहाजा चढ़ता सूरज और बढ़ता तापमान सिर्फ गप्पबाजों के लिए है, शहर की सड़कें दिन भर भरी रहती हैं।
कोटगेट-सांखला रेल फाटक बंद होने पर देखा जा सकता है कि लोगों को इस मौसम से नहीं बल्कि रेल फाटक बंद होने से दिक्कत है। अच्छी खबर यह है कि जुलाई से यहां काम शुरू हो जाएगा। रास्ते में आने वाले घरों को हटाए जाने से पहले मुआवजा राशि बीडीए ने दे दी है। मतलब रास्ता साफ। सवाल अपनी जगह है। काम की रफ्तार आखिरकार तेज हो रही है, यह आज का सच है।
पिछले दिनों दो अलग-अलग घटनाक्रमों में बीकानेर में नकली नोटों के प्रचलन का खुलासा हुआ। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस से नकली नोट छापते हुए कुछ लोगों को पकड़ा। इसी दौरान रोडवेज बस स्टैंड के पास एक घटना घटी, जिसमें पुलिस बनकर आम आदमी से 28 हजार रुपये की ठगी की बात आई। हुआ यह कि पलाना के राजूराम जाट को मंडी से कोई काम था, उसे रोडवेज बस स्टैंड के पास एक पुलिसकर्मी मिला, जिसने जांच करके कहा कि रुपये लेकर इस तरह जाना ठीक नहीं है और उसने जांच करके रुपये का पैकट वापस पकड़ा दिया।
राजूराम को बहुत बाद में पता चला कि जो पैकेट उसे पकड़ाया गया वह न तो उसका था और न ही उसमें असली रुपये थे। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है, देखना यह है कि श्रीडूंगरगढ़ में नोट छाप रहे युवक और नकली पुलिसवाले के बीच क्या रिश्ता है। कहीं यह नेटवर्क पूरे जिले में तो सक्रिय नहीं है, क्योंकि 2022 में भी ऐसा एक गिरोह पकड़ा गया है।
ऑपरेशन नीलकंठ के माध्यम से नशे के सौदागरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बीकानेर पुलिस ने नशेड़ियों पर शिकंजा कस रही है, लेकिन पाकिस्तान से जुड़े हुए तार बड़ी चुनौती बने हुए हैं। हेरोइन और हथियारों के पाकिस्तान से आने की जानकारियां चौंकाने वाली है।
सोशल मीडिया पर ज्योतिषीय उपायों की आड़ में ब्लैकमेलिंग की शिकार युवती साइबर सेल पहुंच गई है, जिसके बाद रजनीश भार्गव और विकास भार्गव की गिरफ्तारी हुई है। रवि भार्गव फरार है।
इस बीच डीजल और पेट्रोल के भाव चौथी बार बढ़कर शहर की महंगाई को बढ़ा रहे हैं। एलपीजी और सीएनजी के दाम भी बढ़े हुए हैं। ‘लड़ाई में लाडू नीं बटै’ कहने वाले ने गलत नहीं कहा था। ‘मस्त रहो मस्ती में आग लगे बस्ती में’ कहने वाले को टोका ही इसलिए गया था कि बस्ती की आग हमारे घर को भी नहीं छोड़ने वाली। यही हो रहा है। पिछले दिनों हम कभी ईरान के साथ तो कभी इजराइल या कभी अमेरिका की ओर से बोल रहे थे। अब पता चला कि हमारे हित प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कयासों से आर्थिक मंदी के हालात आने के घोषणाएं की जाने लगी है।
हबीब सोज़ का एक शेर है
तू किसी दिन कहीं बेमौत न मारा जाए
तू ने यारों को मददगार समझ रखा है
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ