सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी सुदृढ़: , आमजन को मिलेगी बेहतर यातायात सुविधाएं: भजनलाल
सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी सुदृढ़
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-विकसित राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार ने गत सवा दो सालों में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं। श्री शर्मा ने राजस्थान दिवस के अवसर पर गुरुवार को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से राज्य पथ परिवहन निगम की 207 नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इन नयी बसों के संचालन से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और सुदृढ़ होगी तथा आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
इस दौरान श्री शर्मा ने सभी प्रदेशवासियों को राजस्थान दिवस एवं हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 30 मार्च 1949 को भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को रेवती नक्षत्र इन्द्रयोग में वृहद् राजस्थान की स्थापना की थी। इसीलिए हमारी सरकार ने चैत्र शुल्क प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में इस वर्ष 19 मार्च को यह गौरवशाली दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हमारी सरकार द्वारा राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य पर गत कई दिनों से विभिन्न राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
उन्होंने राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नयी बसों का विधिवत पूजन कर शुभारम्भ किया। इन बसों में आरएसआरटीसी की ओर से सर्विसलाइन पर ली गयी 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें, 79 स्टारलाइन बसें तथा 28 एसी वाहन की बसें शामिल हैं। इन बसों के शामिल होने से राजस्थान रोडवेज के बेड़े में 207 नयी बसों की वृद्धि हुई है। बसों में नवीनतम सुरक्षा मानकों को उपयोग किया गया है, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक यातायात सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 700 महिलाओं को सड़क सुरक्षा अग्रदूत के रूप में हेलमेट वितरण किया। श्री शर्मा ने महिलाओं से संवाद कर यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित भी किया।
इस अवसर पर श्री शर्मा का आमजन ने माल्यार्पण कर स्वागत-अभिनंदन किया तथा राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद थे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ